81 वर्षों बाद भी चारदीवारी से वंचित है पीएम श्री +2 जोहरीमल उच्च विद्यालय, बैरगनिया
सीतामढ़ी, बैरगनिया:
मां सीता की जन्मस्थली में स्थित प्रतिष्ठित +2 जोहरीमल उच्च विद्यालय, बैरगनिया को बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा ‘पीएम श्री विद्यालय’ के रूप में मान्यता दी गई है। हालांकि, विद्यालय की वास्तविक स्थिति बेहद चिंताजनक है। स्थापना के 81 वर्षों बाद भी विद्यालय को चारदीवारी नसीब नहीं हो सकी है, जिससे सुरक्षा और संरचना दोनों पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष स्वयं बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री तथा स्थानीय विधायक माननीय मोतीलाल प्रसाद हैं। इसके बावजूद विद्यालय में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं और संसाधनों की कमी स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है।
विद्यालय की प्रधान अध्यापक डॉ. स्वेता कुमारी ने जानकारी दी कि अब विद्यालय में छठी कक्षा से बारहवीं तक की पढ़ाई होगी। उन्होंने बताया कि विभाग को कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रधानाध्यापक और विधायक स्तर से विद्यालय विकास कोष के माध्यम से बहुद्देशीय हॉल में स्लाइडर, कंप्यूटर, वीसी कैमरा, एलईडी लाइट, खेल मैदान में मिट्टीकरण, तथा ईंट से रास्ते का सोलिंग जैसे कुछ कार्य कराए गए हैं।
फिर भी, विकास कोष की सीमित राशि के कारण चारदीवारी का निर्माण, बहुद्देशीय हॉल का सौंदर्यीकरण, महिला शौचालय सहित कई महत्वपूर्ण कार्य अब तक अधूरे हैं।
स्थानीय लोगों और शिक्षकों की मांग है कि सरकार शीघ्र पहल करते हुए विद्यालय की बुनियादी समस्याओं का समाधान करे, ताकि यह ऐतिहासिक विद्यालय ‘पीएम श्री’ के मानक पर खरा उतर सके।














Leave a Reply