गाजीपुर सड़क हादसे में सांसद पप्पू यादव की भतीजी समेत 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की भतीजी डॉ. सोनी यादव की मौत हो गई। यह हादसा महाकुंभ स्नान से लौटते समय हुआ। सोनी अपनी बुआ और अन्य रिश्तेदारों के साथ कार से प्रयागराज से बिहार लौट रही थीं।
ट्रक से टकराई कार, चार लोगों की मौके पर मौत
घटना गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर हुई। लौटते समय उनकी कार सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार में मातम, सांसद पप्पू यादव सदमे में
मृतक डॉ. सोनी यादव बिहार के अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम पसर गया। सांसद पप्पू यादव अपनी भतीजी की मौत की खबर सुनकर फफक-फफक कर रो पड़े और गहरे सदमे में हैं।
पुलिस का बयान
गाजीपुर पुलिस के अनुसार, हादसा हाईवे किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर के कारण हुआ। मृतक प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।














Leave a Reply