Advertisement

जन सुराज सरकार बनते ही होंगे ये 5 बड़े बदलाव – PK

जन सुराज प्रेस नोट

दिनांक: 07 मार्च 2025
स्थान: पटना

जन सुराज सरकार बनते ही होंगे ये 5 बड़े बदलाव – PK

पटना: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की जनता से एक महत्वपूर्ण वादा किया है। उन्होंने घोषणा की कि यदि बिहार में जन सुराज की सरकार बनती है, तो राज्य को देश के शीर्ष 10 विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए 5 प्रमुख योजनाएं तुरंत लागू की जाएंगी। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं के पलायन को रोकना, किसानों और महिलाओं को आर्थिक मजबूती देना, बुजुर्गों को सम्मानजनक पेंशन प्रदान करना और शिक्षा व्यवस्था को सुधारना है।

जन सुराज सरकार की 5 प्रमुख घोषणाएं

1. युवाओं के पलायन पर रोक

जन सुराज की सरकार बनते ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योग और व्यापार को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि युवाओं को अपने ही राज्य में 10 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह की स्थायी रोजगार व्यवस्था मिले।

2. बुजुर्गों को 2000 रुपये मासिक पेंशन

वर्तमान में बिहार सरकार 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मात्र 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन देती है। जन सुराज सरकार दिसंबर 2025 से इसे बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह कर देगी, जिससे बुजुर्गों को आर्थिक संबल मिलेगा।

3. किसानों की आय में वृद्धि

कृषि को मजबूती देने के लिए मनरेगा को खेती से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों को खेती के लिए मुफ्त में मजदूर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी उत्पादन लागत कम होगी और आय में बढ़ोतरी होगी।

4. महिलाओं को सस्ते ब्याज पर ऋण

महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बैंक से सरकारी गारंटी पर केवल 4% वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में जीविका योजना के तहत ऊंची ब्याज दर पर ऋण मिलता है, जिसे जन सुराज सरकार सस्ता और सुलभ बनाएगी।

5. बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के साथ, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यदि सरकारी स्कूल अपेक्षित स्तर की शिक्षा प्रदान नहीं कर पाते, तो गरीब परिवारों के बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ने की सुविधा मिले और उनकी फीस सरकार वहन करे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि ये सभी योजनाएं उनकी सरकार बनने के तुरंत बाद प्राथमिकता के साथ लागू की जाएंगी, जिससे बिहार को एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *