जन सुराज प्रेस नोट
तारीख: 09 मार्च 2025
स्थान: मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर दौरे पर प्रशांत किशोर का CM नीतीश कुमार पर तीखा हमला – बोले, लालू यादव के जंगलराज से भी बदतर है नीतीश का शासन
मुजफ्फरपुर: अपने एक दिवसीय दौरे पर मुजफ्फरपुर पहुंचे प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आज बिहार की स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो चुकी है। उन्होंने नीतीश सरकार पर अधिकारियों के जंगलराज का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की राजनीतिक नैतिकता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के पुराने फैसलों की याद दिलाते हुए कहा कि जब वे रेल मंत्री थे, तब पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना में 200 लोगों की मौत होने पर उन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दिया था। लेकिन अब, जब उनकी पार्टी विधानसभा में महज 42 सीटों पर सिमट गई है, तब भी वे मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को केवल अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है, चाहे इसके लिए उन्हें भाजपा के साथ जाना पड़े या राजद के। जनता की समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है।

वित्त मंत्री सम्राट चौधरी से प्रशांत किशोर का सीधा सवाल – बिहार की पूंजी राज्य से बाहर क्यों गई?
प्रशांत किशोर ने बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी से बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि 1990 से अब तक बैंकों के जरिए 26 लाख करोड़ रुपये की पूंजी बिहार से अन्य राज्यों में चली गई। उन्होंने सरकार से सीडी रेशियो (क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात) के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की और पूछा कि आखिर बिहार की पूंजी को राज्य में निवेश क्यों नहीं किया गया।
बिहार में भयंकर गरीबी और बेरोजगारी, सरकार मनरेगा फंड का सही उपयोग नहीं कर पा रही – प्रशांत किशोर
बिहार की बदहाल आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य में 80% लोग प्रतिदिन 100 रुपये भी नहीं कमा पाते। उन्होंने बताया कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय 34 हजार रुपये है, लेकिन अगर पटना और बेगूसराय को हटा दिया जाए, तो यह घटकर महज 25 हजार रुपये रह जाती है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह मनरेगा जैसी योजनाओं के फंड का सही इस्तेमाल नहीं कर पा रही, जिससे गरीबी और बेरोजगारी की समस्या और गंभीर होती जा रही है।














Leave a Reply